बुरहानपुर में जल्द होगा निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव, निवेश के खुलेंगे नए द्वार, मुख्यमंत्री उद्यमी से करेंगे सीधा संवाद-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर में जल्द होगा निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव, निवेश के खुलेंगे नए द्वार, मुख्यमंत्री उद्यमी से करेंगे सीधा संवाद-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर। बुरहानपुर में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्योगों के विस्तार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिले में जल्द ही इन्वेस्टर कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं शामिल होकर उद्योगपतियों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 3 से 4 घंटे बुरहानपुर में रहकर उद्योगपतियों की समस्याएं, आवश्यकताएं और निवेश से जुड़ी संभावनाएं सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक पहल करेंगे।
यह बात विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने शनिवार को कलेक्टर विवेक कुमार एवं स्थानीय उद्योगपतियों के साथ बैठक कर जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाओं, उद्योगों के विस्तार और निवेश को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बुरहानपुर प्रवास के दौरान उन्होंने जिले में इन्वेस्टर कॉन्क्लेव आयोजित करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए शीघ्र आयोजन की सहमति दी है। यह कॉन्क्लेव जिले के उद्योगपतियों की समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने और निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर बनेगा।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्षेत्र का विकास इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। फेयरडील का कार्य भी उल्लेखनीय है। रेहटा और सुखपुरी में भी कार्य आगे बढ़ रहे हैं। औद्योगिक विकास की राह में आने वाली छोटी-छोटी बाधाओं को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में भू-खण्ड प्राप्त कर चुके उद्योगपतियों से आग्रह किया कि वे शीघ्र अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करें, ताकि क्षेत्र में उत्पादन और रोजगार की गतिविधियां प्रारंभ हो सकें।
मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर को सक्रिय बनाने पर विशेष जोर
जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए मोहम्मदपुरा पावरलूम क्लस्टर में उद्योगों की स्थापना का विषय भी महत्वपूर्ण है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में श्रीमती चिटनिस एवं कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने उद्योगपतियों से संवाद किया। 7.61 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस क्लस्टर के कुल 64 भू-खण्डों में से 58 आवंटित किए जा चुके हैं। उद्योगपतियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, श्रमिक दर, साइजिंग सुविधा, बिजली सब्सिडी और पावरलूम उद्योगों के लिए एकीकृत व्यवस्था जैसे विषयों पर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे। उद्योगपतियों से 8 दिसंबर तक अपनी कार्ययोजना और उद्योग प्रारंभ करने की संभावित समय-सीमा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को उपलब्ध कराने को कहा गया है। श्रीमती चिटनिस ने आश्वस्त किया कि औद्योगिक विकास के लिए शासन-प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा।
5 से 7 हजार युवाओं को रोजगार देने की क्षमता
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर में 5 से 7 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की क्षमता है। यदि स्थानीय स्तर पर इतने युवाओं को रोजगार मिलता है, तो हजारों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उद्योगों की स्थापना से युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इन्वेस्टर कॉन्क्लेव के माध्यम से स्थानीय उद्योगपतियों के साथ नए निवेशकों को भी बुरहानपुर की औद्योगिक क्षमता और संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।
लॉजिस्टिक्स हब बनने की व्यापक संभावनाएं
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बेहतर सड़क अधोसंरचना के कारण बुरहानपुर में लॉजिस्टिक्स हब बनने की व्यापक संभावनाएं हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बुरहानपुर में छोटे विमानतल की संभावनाओं को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क और हवाई संपर्क की बेहतर सुविधाएं उद्योगों, व्यापार और निवेश के विस्तार में सहायक बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प रखा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन की अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने को प्राथमिकता दे रही है।
श्रीमती चिटनिस ने विश्वास व्यक्त किया कि बुरहानपुर में प्रस्तावित निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने का अवसर बनेगा। मुख्यमंत्री की उद्योगपतियों के साथ सीधी चर्चा से स्थानीय समस्याओं के समाधान और निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। मोहम्मदपुरा, रेहटा-खड़कोद, सुखपुरी, फेयरडील सहित जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में गतिविधियां प्रारंभ होने से बुरहानपुर में उद्योग स्थापना और रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



