बुरहानपुर की स्वास्थ्य सेवाओं में एक और बड़ी उपलब्धि, जिला चिकित्सालय में बनेगा 1.11 करोड़ का 8 बिस्तरों का आधुनिक प्रसूति आईसीयू-अर्चना चिटनिस


बुरहानपुर की स्वास्थ्य सेवाओं में एक और बड़ी उपलब्धि, जिला चिकित्सालय में बनेगा 1.11 करोड़ का 8 बिस्तरों का आधुनिक प्रसूति आईसीयू-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के प्रयासों से शासकीय जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में 8 बिस्तरों वाले आधुनिक प्रसूति गहन चिकित्सा कक्ष (ऑब्स्टेट्रिक आईसीयू) की स्थापना के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा 1 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस सुविधा के प्रारंभ होने से गर्भावस्था, प्रसव के दौरान तथा प्रसव के बाद गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से जूझने वाली महिलाओं को जिला चिकित्सालय में ही गहन चिकित्सा एवं सतत निगरानी की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा गंभीर अवस्था में गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को समय पर उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत थीं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से लगातार पत्राचार एवं चर्चा कर जिला चिकित्सालय में आधुनिक प्रसूति आईसीयू की स्थापना का आग्रह किया था। उनके प्रयासों से मिली इस स्वीकृति पर श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मजबूत हो रहा जिला चिकित्सालय
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला चिकित्सालय की उपचार क्षमता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि जिले के नागरिकों को गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर न जाना पड़े। जिला चिकित्सालय में नई सुविधाओं का विस्तार इसी सोच का परिणाम है। प्रसूति आईसीयू की स्वीकृति मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि मातृत्व किसी भी परिवार के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील समय होता है। गर्भावस्था से लेकर प्रसव और उसके बाद तक यदि किसी महिला को गंभीर स्वास्थ्य जटिलता आती है, तो उसे तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा और गहन निगरानी मिलना आवश्यक है। ऐसे समय में समय पर उपलब्ध उपचार मां और शिशु दोनों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण होता है।
गंभीर प्रसूता महिलाओं को मिलेगी जिले में ही गहन उपचार सुविधा
प्रसूति आईसीयू में गंभीर अवस्था वाली गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को विशेष निगरानी और उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। अत्यधिक रक्तस्राव, गर्भावस्था से संबंधित गंभीर जटिलताओं तथा प्रसव के बाद उत्पन्न होने वाली आपातकालीन स्थितियों में यह सुविधा अत्यंत उपयोगी होगी। इससे गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम करने में मदद मिलेगी तथा समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराना संभव होगा।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार हमारी प्राथमिकता है। जिला चिकित्सालय में 2डी इको मशीन की सुविधा उपलब्ध कराने से लेकर आईसीयू, विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं और अब आधुनिक प्रसूति आईसीयू की स्वीकृति तक लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा संकल्प है कि बुरहानपुर के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हों।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



