नवमी पर माता रानी के दर्शन कर अर्चना चिटनिस ने महिलाओं के साथ बनाई पूरी, भक्तों की सेवा में निभाई सहभागिता
नवमी पर माता रानी के दर्शन कर अर्चना चिटनिस ने महिलाओं के साथ बनाई पूरी, भक्तों की सेवा में निभाई सहभागिता

बुरहानपुर। शारदीय नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर के शाहपुर नगर में अनेक स्थानों पर आयोजित माता रानी के भंडारों में सम्मिलित होकर माँ जगदम्बा के दर्शन किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर वे शाहपुर नगर के भोई मोहल्ला स्थित श्री सार्वजनिक सिद्धिविनायक नवदुर्गा उत्सव समिति एवं श्री महाकाली उत्सव समिति (कोदरी) द्वारा आयोजित भव्य महाप्रसाद (भंडारा) में भी शामिल हुईं। यहाँ उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर पूरी बनाई और भंडारे की तैयारियों में सहभागिता की। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित कर भक्तों की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त किया।
नवमी के पावन दिन माता रानी के दर्शन, महिलाओं के साथ मिलकर सेवा कार्य और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण का यह अवसर श्रद्धा, आत्मीयता और समर्पण से परिपूर्ण रहा। भंडारों में सेवा करने वाली महिलाओं के साथ सहभागिता करते हुए श्रीमती चिटनिस ने सामूहिक सेवा की उस भावना को अभिव्यक्त किया, जो भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग है। भंडारे केवल प्रसादी वितरण के आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और समरसता के भी प्रतीक हैं।
इस पावन अवसर पर माँ जगदम्बा के श्रीचरणों में समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की कामना की। माँ की कृपा सभी पर बनी रहे और शाहपुर नगर सहित संपूर्ण क्षेत्र निरंतर उन्नति एवं खुशहाली के पथ पर आगे बढ़े, यही मंगल प्रार्थना की।
श्रीमती चिटनिस के साथ शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, विनोद चौधरी, आकाश राखुंडे, निलेश राठौर, प्रकाश महेश्री, योगेश पाटिल एवं पवन बडोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि व भक्तगण उपस्थित रहे।
दिनांक:- 19 अक्टूबर 2026
Comments (0)