बुरहानपुर: नेपानगर में अवैध लकड़ी तस्करी का पर्दाफाश, 11 घन मीटर लकड़ी के साथ दो वाहन जब्त

बुरहानपुर: नेपानगर में अवैध लकड़ी तस्करी का पर्दाफाश, 11 घन मीटर लकड़ी के साथ दो वाहन जब्त

नेपानगर (बुरहानपुर):
बुरहानपुर जिले के नेपानगर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार रात ग्राम बोरी के पास घेराबंदी कर एक ट्रक और एक आयशर वाहन को जब्त किया। दोनों वाहनों में बबूल और नीम की करीब 11 घन मीटर अवैध लकड़ी भरी हुई थी।
महाराष्ट्र से लाई जा रही थी लकड़ी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे यह लकड़ी महाराष्ट्र से लेकर आ रहे थे। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद अनवर और राजा खान के रूप में हुई है। आरोपियों के पास लकड़ी के परिवहन और स्वामित्व से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज़ या कागजात नहीं मिले। इसके बाद वन विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, बाद में आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया।
जामनेर जाकर जांच करेगी वन विभाग की टीम
प्रभारी रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे यह लकड़ी महाराष्ट्र के जामनेर स्थित सरकारी जमीन से लाए थे। विभाग की एक टीम जल्द ही जामनेर जाकर इस मामले की गहन जांच करेगी। यदि जांच में यह बात सामने आती है कि लकड़ी वन क्षेत्र (रिजर्व फॉरेस्ट) से काटी गई थी, तो जब्त किए गए दोनों वाहनों को सरकार द्वारा राजसात (जब्त) कर लिया जाएगा।
वाहनों को रेंज कार्यालय में किया गया खड़ा
वन विभाग ने कार्रवाई में जब्त दोनों वाहनों (MH 44 -7515 और MP 22 H-0534) को फिलहाल नेपानगर रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments (0)