बुरहानपुर के इकबाल चौक स्थित 'सुपर टीवी' शोरूम में भीषण आग, अंदर फंसे युवक को सीढ़ी लगाकर बचाया; विधायक अर्चना चिटनिस ने लिया जायजा

बुरहानपुर के इकबाल चौक स्थित 'सुपर टीवी' शोरूम में भीषण आग, अंदर फंसे युवक को सीढ़ी लगाकर बचाया; विधायक अर्चना चिटनिस ने लिया जायजा


बुरहानपुर (मध्य प्रदेश)। शहर के इकबाल चौक स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के सामने 'सुपर टीवी' के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में रविवार रात करीब 10:40 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसने शोरूम के साथ-साथ पड़ोस के एक मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि शोरूम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक होने की आशंका है।
सीढ़ी लगाकर निकाला गया अंदर फंसा युवक
आग लगने की घटना के समय शोरूम के ऊपरी हिस्से में रहने वाला परिवार समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन एक युवक अंदर ही फंस गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और दमकल की सीढ़ी की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
8 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर, 4 दुकानें खाली कराईं
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास की चार दुकानों को तुरंत खाली करा दिया ताकि आग और न फैल सके। रात 11:20 बजे तक 8 से अधिक दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी रहीं, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन का पूरा सहयोग किया।
विधायक अर्चना चिटनिस ने जाना हाल
सुपर टीवी शोरूम (संचालक: विनोद शंखपाल) में लगी इस भीषण आग की खबर मिलते ही बुरहानपुर की विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
1
Angry
0


