नवागत कलेक्टर ने किया नेपानगर क्षेत्र का दौरा

24 Oct 2026 - 02:34
0 74
नवागत कलेक्टर ने किया नेपानगर क्षेत्र का दौरा

नवागत कलेक्टर ने किया नेपानगर क्षेत्र का दौरा

मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में सुनीं लोगों की समस्याएं, मौके पर निराकरण के दिए निर्देश; पीएम श्री स्कूल का भी किया निरीक्षण

नेपानगर नवागत कलेक्टर विवेक कुमार ने जिले के प्रशासनिक अमले के साथ नेपानगर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में शामिल होकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया और नवनिर्मित नगर पालिका कार्यालय का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका के कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिविर में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया और समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीएम श्री स्कूल का किया निरीक्षण

नगर पालिका कार्यालय के निरीक्षण के बाद कलेक्टर विवेक कुमार ने पीएम श्री स्कूल का दौरा किया। यहां उन्होंने कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में सवाल-जवाब किए। इसके बाद वे स्कूल की लाइब्रेरी पहुंचे, जहां विद्यार्थी अध्ययन कर रहे थे।

इस दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी विद्यार्थियों के बीच बैठकर पढ़ाई से संबंधित सवाल-जवाब करने लगे। कलेक्टर ने एक विद्यार्थी के पास बैठकर उससे भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के सवाल पूछे। अपेक्षित उत्तर नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि यहां फिजिक्स कौन पढ़ाता है? इस पर मौजूद शिक्षक ने बताया कि अतिथि शिक्षक विषय का अध्यापन कराते हैं।

इसके बाद कलेक्टर ने संबंधित अतिथि शिक्षक से भी भौतिक विज्ञान से जुड़े कुछ सवाल पूछे और विषय की समझ को परखा।

एसपी ने शिक्षण के तरीकों पर दिया संदेश

इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने मजाकिया अंदाज में वैज्ञानिक संदर्भ देते हुए कहा कि जो व्यक्ति कक्षा छठवीं में पढ़ने वाले बच्चे को किसी विषय को ठीक से नहीं समझा सकता, उसके अपने कॉन्सेप्ट स्पष्ट नहीं माने जा सकते। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को पढ़ाने से पहले शिक्षक के स्वयं के कॉन्सेप्ट स्पष्ट होना जरूरी है, तभी वह विषय को बेहतर तरीके से समझा सकता है।

कलेक्टर के दौरे के दौरान जिले का प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

Comments (0)

User