खाद्य विभाग, खाद्य सुरक्षा, नागरिक आपूर्ति निगम एवं नापतौल विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

खाद्य विभाग, खाद्य सुरक्षा, नागरिक आपूर्ति निगम एवं नापतौल विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
बुरहानपुर/ जिले में कलेक्टर विवेक कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों का दौर जारी है, इसी श्रृंखला में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य विभाग, खाद्य सुरक्षा, नागरिक आपूर्ति निगम एवं नापतौल विभाग के विभागीय कार्यों, प्रक्रियाओं एवं पोर्टल के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गयी। आयोजित बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा बारी-बारी से विभागीय जानकारी एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अर्चना नागपुरे ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत हितग्राहियों को निःशुल्क राशन प्रदाय किया जा रहा है। बुरहानपुर जिले में कुल 144508 परिवारों के कुल सदस्य 609097 सदस्यों को राशन का वितरण किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत 11 वाहनों द्वारा वेयर हाउस से उचित मूल्य दुकानों तक खाद्यान्न का परिवहन किया जा रहा है। राशन आपके ग्राम योजनान्तर्गत आश्रित ग्रामों में भी खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की गयी है। कलेक्टर श्री कुमार ने खाद्यान्न विभाग अंतर्गत उचित मूल्य दुकानों के संचालन, ई-केवाईसी, मोबाइल सीडिंग तथा खाद्यान्न वितरण पर गहनता से समीक्षा की।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की समीक्षा भी की। उन्होंने समक्ष में विभागीय पोर्टल से खाद्य प्रतिष्ठानों के पंजीयन एवं लाईसेंस प्रक्रिया का प्रदर्शन करवाकर जानकारी ली। इस दौरान विभागीय अधिकारी श्री डावर द्वारा खाद्य सुरक्षा से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। खाद्य पदार्थों के नमूने लेने, उन्हें जांच के लिए भेजने एवं अनियमितता पाए जाने पर की जाने वाली आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के संबंध में भी विस्तार से बताया गया। इसी श्रृंखला में नागरिक आपूर्ति निगम एवं नापतौल विभाग, वेयरहाउस के विभागीय कार्यों का भी जायजा लिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



