नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में बुरहानपुर जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर

नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में बुरहानपुर जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिलेभर में चलाए गए जागरूकता प्रयासों को मिली सराहना, पुलिस मुख्यालय की ओर से आईजी श्री अनुराग ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

बुरहानपुर। युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत बुरहानपुर पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन में बुरहानपुर जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं प्रभावी प्रयासों के आधार पर बुरहानपुर जिला पूरे मध्यप्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा।
“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत बुरहानपुर पुलिस द्वारा आयोजित व्यापक हस्तलिखित नशामुक्ति संदेश एवं हस्ताक्षर अभियान को विश्वस्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है। World Book of Records, London ने SP Office Burhanpur, Madhya Pradesh, India को “Certificate of Excellence” प्रदान कर इस अनुकरणीय पहल को मान्यता दी है। जिसमें *32,002* से अधिक विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन छात्रों ने एक ही दिन नशामुक्ति संदेश लिखकर और हस्ताक्षर कर सहभागिता की थी।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी को सम्मानित किया गया। आईजी महोदय श्री अनुराग द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अभियान के अंतर्गत किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की गई।
जनभागीदारी से चलाया गया जागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक श आशुतोष बागरी के मार्गदर्शन में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के माध्यम से यह संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
टीमवर्क और निरंतर प्रयासों का परिणाम
बुरहानपुर जिले की इस उपलब्धि में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिसकर्मियों एवं अभियान में सहभागी विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचा।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने इस उपलब्धि को पूरी पुलिस टीम एवं जनभागीदारी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी नशे के विरुद्ध जागरूकता और जनसहभागिता के साथ निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बुरहानपुर पुलिस का संदेश — नशे से दूरी अपनाएं, स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0

