चिंचाला श्मशान घाट को मिलेगा सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप, 62.50 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, 4.5 हेक्टेयर में बन रहा नगर वन-अर्चना चिटनिस

चिंचाला श्मशान घाट को मिलेगा सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप, 62.50 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, 4.5 हेक्टेयर में बन रहा नगर वन-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। लालबाग क्षेत्र स्थित चिंचाला श्मशान घाट के समग्र विकास और कायाकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने उपनगर लालबाग के चिंचाला श्मशान घाट परिसर में 62 लाख 50 हजार रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। पूरे परिसर का मास्टर प्लान तैयार कर विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रारंभ किया गया है, जो सतत जारी रहेंगे। वहीं, श्मशान घाट के पीछे लगभग 4.5 हेक्टेयर क्षेत्र में नगर वन भी विकसित किया जा रहा है। इससे पूरा परिसर हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल स्वरूप लेगा।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि श्मशान जीवन का सबसे बड़ा सत्य है। यह वह स्थान है जहाँ अमीर-गरीब, ऊँच-नीच और सामाजिक भेदभाव की सभी सीमाएँ समाप्त हो जाती हैं। मनुष्य को अपनी वास्तविकता और जीवन की नश्वरता का बोध कराने वाला यह स्थल समाज के संस्कारों और संवेदनाओं से भी जुड़ा है। इसलिए श्मशान घाटों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इन्हें स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुविधायुक्त और शांत वातावरण वाले परिसर के रूप में विकसित करना आवश्यक है।
62.50 लाख के विकास कार्यों का प्रथम चरण प्रारंभ
श्रीमती चिटनिस ने बताया कि चिंचाला श्मशान घाट के विकास के लिए विधायक विशेष निधि से लगभग 50 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनके वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद अब भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 12 लाख 50 हजार रुपए की लागत से शेड का निर्माण कराया जाएगा। इससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले नागरिकों को धूप और बारिश के दौरान राहत मिलेगी। पूरे परिसर का मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसके अनुसार प्रथम चरण के कार्य शुरू हो चुके हैं। आगामी चरणों में भी आवश्यकतानुसार विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
21 सदस्यीय समिति गठित, कीमत राय मतवानी अध्यक्ष और संजय कुमार जैन सचिव
श्मशान घाट की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों के दीर्घकालीन रखरखाव के लिए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों को सम्मिलित करते हुए 21 सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में कीमत राय मतवानी को अध्यक्ष तथा संजय कुमार जैन को सचिव बनाया गया है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि विभिन्न समाजों की सहभागिता से गठित यह समिति परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से इस स्थल का विकास दीर्घकाल तक बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जा सकेगा।
4.5 हेक्टेयर में विकसित हो रहा नगर वन, पूर्वजों की स्मृति में होगा पौधारोपण
चिंचाला श्मशान घाट के पीछे लगभग 4.5 हेक्टेयर क्षेत्र में नगर वन विकसित किया जा रहा है। इसकी विशेषता यह होगी कि नागरिक अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण कर इस हरित अभियान से जुड़ सकेंगे। स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण कर इस क्षेत्र को हरित स्वरूप दिया जाएगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी और सामाजिक संवेदनाओं का भी प्रतीक बनेगी। नगर वन के विकास से श्मशान परिसर के आसपास हरियाली बढ़ेगी और क्षेत्र को स्वच्छ, शांत एवं प्राकृतिक वातावरण मिलेगा।
विद्युत व्यवस्था की बाधाएं पहले ही की गईं दूर
निर्माण कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए श्मशान परिसर में विद्युत पोल एवं विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। पूरे क्षेत्र की व्यवस्थित मैपिंग कर अनुपयोगी निर्माणों को हटाने तथा आवागमन, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि चिंचाला श्मशान घाट का विकास एक सुनियोजित मास्टर प्लान के तहत किया जा रहा है। यह केवल एक बार में पूरा होने वाला कार्य नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इसमें जनभागीदारी, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को समान महत्व दिया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, विजय शेवाडे, विजय कार्ले, बलराज नावानी, रुद्रेश्वर एंडोले, संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, रविन्द्र काकड़े, अमर यादव, सरपंच अजय गोटे, भागचंद रायकवार, बलराम पहलवान, अंकुश रोकड़े, देवा सोनवाने, सुरेश पवार, विजय कुमार जैन, यादव सोनवाने, मनोज पाटिल सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
