मन्दसौर: शामगढ़ में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश, यूरिया और सर्फ से बनाया जा रहा था 'सफेद ज़हर'

29 Oct 2026 - 21:39
मन्दसौर: शामगढ़ में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश, यूरिया और सर्फ से बनाया जा रहा था 'सफेद ज़हर'

मन्दसौर: शामगढ़ में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश, यूरिया और सर्फ से बनाया जा रहा था 'सफेद ज़हर'

मन्दसौर (मध्य प्रदेश):

जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने ग्राम डुंगरखेड़ी में दबिश देकर नकली दूध बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की है। मौके से यूरिया खाद, मिल्क पाउडर, वनस्पति घी और लिक्विड सोप (सर्फ) सहित भारी मात्रा में नकली दूध बनाने की सामग्री और उपकरण बरामद किए गए हैं।

ज़हर घोलने का सामान जब्त

पुलिस और खाद्य विभाग की टीम जब मौके पर पहुँची, तो वहाँ का नज़ारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपी इंसानी जिंदगी से खिलवाड़ करते हुए रसायन पदार्थों से नकली दूध तैयार कर रहे थे। मौके से निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई है:

 यूरिया खाद: 4 कट्टे

 मिल्क पाउडर: 6 कट्टे

 वनस्पति घी: 5 टीन

 लिक्विड सोप/सर्फ: 40 लीटर की केन

उपकरण: फिल्टर मिक्सर मशीन, गैस भट्टी, कमर्शियल गैस सिलेंडर और डीप फ्रीज़र।

खाद्य अधिकारी ने लिए सैंपल

खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद संदिग्ध दूध और अन्य सामग्रियों के सैंपल लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला (लैब) परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।

आरोपी फरार, मामला दर्ज

पुलिस की आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने डुंगरखेड़ी निवासी कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

 शामगढ़ क्षेत्र बना नकली दूध का गढ़?

 उल्लेखनीय है कि शामगढ़ क्षेत्र में नकली व मिलावटी दूध बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस इलाके में मिलावटखोरों पर कार्रवाई हो चुकी है, जिसके बाद से लगातार क्षेत्र में 'सफेद ज़हर' के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जाँच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नकली दूध कहाँ-कहाँ सप्लाई किया जाता था।