मैहर के झुकेही में 8 बकरियों की मौत:यूरिया से लोड ट्रक धोने के बाद पानी पीने से मौत का आरोप, पशुपालक ने की शिकायत
मैहर जिले के झुकेही में नेशनल हाईवे-30 के किनारे रविवार दोपहर आठ बकरियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक ने यूरिया से लदे ट्रक को धोने के बाद निकले पानी को पीने के बाद बकरियों की मौत की वजह बताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, बकरियों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक, झुकेही निवासी छोटेलाल यादव उर्फ मुन्ना की आठ बकरियां रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-30 के किनारे चर रही थीं। पशुपालक का आरोप है कि इसी दौरान यूरिया से लदे एक ट्रक को धोया गया और उससे निकला पानी सड़क किनारे फेंक दिया गया। आशंका है कि बकरियों ने यह पानी पी लिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक झुकेही चौकी पहुंचा और पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। एक साथ आठ बकरियों की मौत से पशुपालक को नुकसान हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बकरियों के पोस्टमार्टम के लिए सूचना दे दी गई है, लेकिन देर शाम होने के कारण रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सोमवार को पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बकरियों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
Comments (0)