बैनर हटाने पर पेट्रोल पंप और ईवी एजेंसी संचालक भिड़े:मारपीट में कई लोग घायल हुए, पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया

18 Oct 2026 - 23:20
0 1
बैनर हटाने पर पेट्रोल पंप और ईवी एजेंसी संचालक भिड़े:मारपीट में कई लोग घायल हुए, पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया
शिवपुरी शहर के कोतवाली क्षेत्र के ग्वालियर बायपास स्थित गीता फिलिंग स्टेशन और जय माई की मोटर्स के संचालकों के बीच बैनर लगाने और हटाने को लेकर विवाद हो गया। 18 अक्टूबर की सुबह शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पेट्रोल पंप संचालक नीतेश जैन ने ईवी एजेंसी संचालक अनिकेत प्रताप सिंह परमार, उनके पिता और भाई सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, अनिकेत ने भी नीतेश जैन और उनके साथियों पर मारपीट करने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई की है। न्यू ब्लॉक, जल मंदिर रोड निवासी नीतेश जैन (39) ने बताया कि उनका ग्वालियर बायपास पर गीता फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। पास में ही अनिकेत प्रताप सिंह परमार की जय माई की मोटर्स नाम से इलेक्ट्रिक वाहन एजेंसी है। नीतेश के मुताबिक, 16 अक्टूबर को बैनर लगाने को लेकर विवाद हुआ था। 17 अक्टूबर को अनिकेत ने बैनर लगाया, जिसे उन्होंने हटवा दिया। नीतेश का आरोप है कि 18 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे मैनेजर राजकुमार बंसल के फोन पर वह पेट्रोल पंप पहुंचे। वहां अनिकेत, उनके पिता धर्मेंद्र प्रताप सिंह और भाई से कहासुनी हो गई। आरोप है कि अनिकेत ने उनके बाएं गाल पर थप्पड़ मारा। इसके बाद डंडों से रजनीश राठौर और विपिन राठौर के साथ मारपीट की गई, जबकि नरेश जाटव को लात-घूंसों से चोट पहुंचाई गई। नीतेश ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। दूसरी ओर, अनिकेत प्रताप सिंह परमार (27) ने बताया कि उनकी एजेंसी की दीवार पर लगा त्योहारों के ऑफर का बैनर हटाकर नीचे डाल दिया गया था। इस बारे में पूछने पर नीतेश जैन, आदर्श जैन और विपिन राठौर से विवाद हो गया। अनिकेत का आरोप है कि तीनों ने उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। नितेश जैन की शिकायत पर पुलिस तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर एनसीआर दर्ज की गई है।

Comments (0)

User