नकली खाद-बीज बेचने वालों पर होगी FIR:कलेक्ट्रेट बैठक में DM के निर्देश, रबी सीजन में किसानों को समय पर खाद दिलाने पर जोर
भिंड में खाद के साथ जिंक, कीटनाशक या दूसरे उत्पाद खरीदने के लिए किसानों पर दबाव बनाने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। कलेक्टर पवन कुमार जैन ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों और थोक विक्रेताओं की बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने रबी सीजन में खाद की उपलब्धता, परिवहन और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि डीएपी, यूरिया और एनपीके समेत किसी भी उर्वरक के साथ जिंक, कीटनाशक, नीम उत्पाद या अन्य सामान खरीदने के लिए किसानों को बाध्य नहीं किया जाए। खाद की टैगिंग या बंडलिंग कर जबरन बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उर्वरकों की बिक्री निर्धारित दरों पर करने के निर्देश भी दिए। खाद की समय पर आपूर्ति के निर्देश कलेक्टर ने कंपनियों, थोक विक्रेताओं और परिवहनकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने को कहा, ताकि खाद की आपूर्ति में देरी न हो। उन्होंने लोडिंग-अनलोडिंग, भंडारण और परिवहन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों से खाद तय गंतव्य तक समय पर पहुंचाने और जरूरत के अनुसार रात में भी परिवहन की व्यवस्था करने को कहा। दूसरे उर्वरकों के वितरण पर भी जोर कलेक्टर ने डीएपी, यूरिया और एनपीके के अलावा स्टॉक में उपलब्ध दूसरे उर्वरकों के उठाव और वितरण पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को फसल की जरूरत के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने को कहा। सहकारी समितियों और विक्रेताओं को दूसरे उर्वरकों की उपयोगिता बताने के निर्देश भी दिए। बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, उप संचालक कृषि राम सुजान शर्मा, उर्वरक यूनियन के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा समेत विभिन्न उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि और थोक विक्रेता मौजूद रहे।
Comments (0)