मंडला कॉलेज में चॉकलेट को लेकर छात्रा-लेक्चरर में बहस:मामला घर तक पहुंचा, दो वीडियो सामने आए, प्राचार्य बोलीं- जांच कराई जाएगी

18 Oct 2026 - 23:20
0 0
मंडला कॉलेज में चॉकलेट को लेकर छात्रा-लेक्चरर में बहस:मामला घर तक पहुंचा, दो वीडियो सामने आए, प्राचार्य बोलीं- जांच कराई जाएगी
मंडला के मवई कॉलेज में चॉकलेट को लेकर एक छात्रा और लेक्चरर के बीच विवाद हुआ है। इस घटना से जुड़े दो वीडियो रविवार को सामने आए। इनमें कॉलेज में लेक्चरर और छात्रा के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। जानकारी के मुताबिक, कॉलेज की एक लेक्चरर ने प्रथम वर्ष की छात्राओं पर अपनी गाड़ी से चॉकलेट निकालकर खाने का आरोप लगाया था। इसी बात पर लेक्चरर और एक छात्रा के बीच बहस हुई। छात्रा ने चॉकलेट निकालने के आरोप से इनकार किया। आरोप है कि वीडियो सामने आने के बाद लेक्चरर छात्रा के घर पहुंचीं। वहां वीडियो डिलीट कराने को लेकर विवाद हुआ। छात्रा ने लेक्चरर पर मारपीट की कोशिश करने और परीक्षा में फेल करने जैसे आरोप लगाए हैं। घर पर हुए विवाद का भी एक वीडियो सामने आया है। समिति की रिपोर्ट पर लेंगे एक्शन कॉलेज के प्राचार्य राजेंद्र कुमार सोनवानी ने बताया कि यह मामला 15 अक्टूबर का है। छात्रा के परिजनों ने उन्हें हिंदी की प्राध्यापक पर आरोप लगाते हुए घटना की जानकारी दी है। कॉलेज परिसर में हुई घटना की जांच समिति से कराई जाएगी। इसके लिए समिति गठित की गई है, जो एक हफ्ते में रिपोर्ट देगी। इसके बाद एक्शन लेंगे।

Comments (0)

User