गौलोक धाम में कार्तिक पूर्णिमा उत्सव और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन, 108 जोड़ों ने किया विराट दीप महायज्ञ


गौलोक धाम में कार्तिक पूर्णिमा उत्सव और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन, 108 जोड़ों ने किया विराट दीप महायज्ञ
बुरहानपुर (म.प्र.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार के स्वास्थ्य आंदोलन एवं युग तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार की प्रेरणा व मार्गदर्शन में गोलोक धाम, अमरावती रोड (गुप्तेश्वर मंदिर के पास), बुरहानपुर में कार्तिक पूर्णिमा उत्सव तथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। गायत्री परिवार रचनात्मक ट्रस्ट, बुरहानपुर द्वारा संचालित इस आयोजन में लगभग 2,000 से अधिक श्रद्धालुओं और नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान ध्यान, प्राणायाम, देव पूजन तथा 108 जोड़ों द्वारा विराट दीप महायज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें सेंधवा गायत्री परिवार के श्री मेवालालजी पाटीदार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही मुख्य उत्सव, स्वास्थ्य संदेश, चंद्र आरती और पंच परमेश्वर सम्मेलन का आयोजन भी किया गया।
आध्यात्मिक अनुष्ठान व प्रकृति संदेश: आयोजन में चंदन-तिलक, सूर्य ध्यान, प्राणायाम, गणेश वंदना, गौरी पूजन व वेदमाता गायत्री पूजन के साथ दीप यज्ञ और आहुतियों का विधान कराया गया। संबोधन में 27 नक्षत्रों, नवग्रह और वास्तु के पौधों का उल्लेख करते हुए प्राण और चेतना के प्रति नमन किया गया तथा मस्तिष्क में विवेक बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधि एवं अमृत खीर प्रसाद: श्वास, दमा, अस्थमा, कफ, खांसी और एलर्जी जैसी समस्याओं पर के लिए चंद्रमा की रोशनी में गौ दूध के साथ शास्त्रोक्त विधि से तैयार आयुर्वेदिक औषधि निःशुल्क पिलाई गई। श्रद्धालुओं को औषधियुक्त खीर एवं अमृत खीर का प्रसाद भी वितरित किया गया।
सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत श्री राम गुरुकुल के बाल पुरोहितों ने बलखम ,नाटक और गायन के माध्यम से सुंदर एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दीं।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियों को स्मृति चिह्न भेंट कर 'बुरहानपुर गौरव सम्मान' प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में आध्यात्मिक गुरु श्री हरिकृष्ण मुख्याजी प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. हेमंत महाजनजी, श्रीमती मंजूषा चौकसेजी तथा बुरहानपुर की 27 पहाड़ियों पर वृक्षारोपण करने वाले डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार जी शामिल रहे।
आयोजन के दौरान जनसहयोग से निर्माणाधीन 'मातृ मंडपम' संस्थान के बारे में भी जानकारी साझा की गई, जिसे जिले की धरोहर बताते हुए इसके माध्यम से भविष्य में बच्चों के कौशल विकास, स्वास्थ्य और संस्कार से जुड़ी सेवा सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया।
यह वार्षिक उत्सव युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में आयोजित हुआ। आयोजन को सफल बनाने में गायत्री परिवार के सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता समितियों के सदस्य ,श्री राम गुरुकुल के शिक्षक गोलोकधाम की पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में नगरवासियों व श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आयोजन का लाभ लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



