महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में बंधक बनाकर मजदूरी कराए जा रहे बुरहानपुर के 10 मजदूरों एवं उनके बच्चों को थाना शाहपुर पुलिस ने कराया मुक्त
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में बंधक बनाकर मजदूरी कराए जा रहे बुरहानपुर के 10 मजदूरों एवं उनके बच्चों को थाना शाहपुर पुलिस ने कराया मुक्त
स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई, खरगोन जिले के 08 मजदूर एवं उनके बच्चे भी मुक्त कराए गए
गन्ना कटाई के नाम पर मजदूरों को ले जाकर मजदूरी के पैसे नहीं दिए, मोबाइल छीनकर जबरन काम कराने का आरोप; आरोपियों की तलाश जारी
जिला बुरहानपुर के ग्राम सांभरपुरा के 10 मजदूरों (05 महिला एवं 05 पुरुष) को महाराष्ट्र के जिला धाराशिव (उस्मानाबाद) में बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराए जाने की सूचना पर थाना शाहपुर पुलिस टीम द्वारा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी मजदूरों एवं उनके बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान खरगोन जिले के 08 मजदूर (04 महिला एवं 04 पुरुष) तथा उनके बच्चे भी बंधक अवस्था में मिले, जिन्हें भी मुक्त कराया गया।
कलेक्टर जिला बुरहानपुर द्वारा पत्र क्रमांक/आठ/बंधक/डीएम बुपुर/2026/2280-81, दिनांक 18.11.2026 के माध्यम से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, आवेदक संजय पिता मोहनलाल, निवासी ग्राम सांभरपुरा, थाना शाहपुर, जिला बुरहानपुर द्वारा शिकायत की गई थी कि ग्राम सांभरपुरा के 05 महिला एवं 05 पुरुष मजदूरों को लगभग दो माह पूर्व ठेकेदार जय सिंह बरेला, निवासी ग्राम खामनी, तहसील शाहपुर, जिला बुरहानपुर द्वारा गन्ना कटाई के कार्य हेतु अहमदनगर (महाराष्ट्र) ले जाया गया था।
वहां सभी मजदूरों को ठेकेदार नागेश्वर के सुपुर्द कर जय सिंह बरेला वापस बुरहानपुर आ गया। मजदूरों द्वारा लगभग एक माह तक अहमदनगर में गन्ना कटाई का कार्य किया गया, जिसके बाद उन्हें जिला धाराशिव के परंडा क्षेत्र के ग्राम सोनारी में गन्ना कटाई के काम में लगा दिया गया।
मजदूरों को अलग-अलग खेतों में काम कराया जा रहा था तथा पर्याप्त राशन भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। दो माह कार्य करने के बाद जब मजदूरों ने अपनी मजदूरी के पैसे मांगे तो ठेकेदार द्वारा पैसे देने से इनकार कर उनके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की गई तथा मोबाइल फोन छीन लिए गए। मजदूरों को उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन काम कराया जा रहा था।
पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेंडे के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस द्वारा टीम गठित कर मजदूरों की तलाश एवं मुक्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
दिनांक 23.11.2026 को थाना शाहपुर पुलिस टीम द्वारा जिला धाराशिव (उस्मानाबाद), महाराष्ट्र की प्रशासनिक टीम के सहयोग से ग्राम सोनारी, थाना परंडा क्षेत्र में कार्रवाई कर बंधक बनाए गए मजदूरों को मुक्त कराया गया।कार्रवाई में कुल 18 मजदूर एवं 15 बच्चे मुक्त
कार्रवाई के दौरान निम्न मजदूर एवं उनके बच्चे
सुरक्षित मुक्त कराए गए—
जिला बुरहानपुर: 05 महिला एवं 05 पुरुष, कुल 10 मजदूर तथा उनके 08 बच्चे।
जिला खरगोन: 04 महिला एवं 04 पुरुष, कुल 08 मजदूर तथा उनके 07 बच्चे।
18 मजदूर एवं 15 बच्चे
पुलिस टीम द्वारा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी मजदूरों एवं बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।आरोपियों की तलाश जारी
मजदूरों को बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने के मामले में संलिप्त आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के आरोपी कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की तत्परता पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस टीम द्वारा संवेदनशीलता, तत्परता एवं सूझबूझ से कार्रवाई कर बंधक मजदूरों एवं उनके बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के स्थानीय प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



