अर्चना चिटनिस ने बोरसल एवं मोरझिरा में 1 करोड़ 66 लाख 25 हजार के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

24 Nov 2026 - 02:54
Updated: 7 hours ago
अर्चना चिटनिस ने बोरसल एवं मोरझिरा में 1 करोड़ 66 लाख 25 हजार के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

अर्चना चिटनिस ने बोरसल एवं मोरझिरा में 1 करोड़ 66 लाख 25 हजार के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने ग्राम बोरसल एवं मोरझिरा में 1 करोड़ 66 लाख 25 हजार के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर कार्यों की शुरुआत कराई तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामीणों को समर्पित किया। ग्राम बोरसल में 1 करोड़ 48 लाख तथा ग्राम मोरझिरा में 18 लाख 25 हजार के विकास कार्य शामिल हैं। ग्राम बोरसल में 50 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, सड़कों, पुलियाओं, मंदिरों में मंडप एवं नाली निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम मोरझिरा में 18 लाख 25 हजार की लागत से शासकीय विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि सामान्यतः बड़े गांवों में विकास कार्य हो जाते हैं, लेकिन छोटे गांवों और उपग्रामों में कई बार आवश्यक कार्य छूट जाते हैं। हमने ऐसे गांवों और उपग्रामों के विकास कार्यों को प्राथमिकता में रखा है, ताकि विकास का लाभ प्रत्येक गांव और बस्ती तक पहुंचे। क्षेत्र में पूर्व में भी अनेक विकास कार्य कराए गए हैं और ग्रामीण अंचलों के विकास का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सार्थकता उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता से तय होती है। इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। प्रत्येक निर्माण कार्य का लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिलना चाहिए। श्रीमती चिटनिस ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना एवं विधायक विशेष निधि के अंतर्गत बोरसल-खापरखेड़ा मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 15 लाख, खापरखेड़ा में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख तथा सामुदायिक भवन, बाउंड्रीवॉल, गेट एवं गुंबद निर्माण के लिए 50 लाख के कार्य शामिल हैं। विधायक निधि से विठ्ठल मंदिर मंडप निर्माण के लिए 11 लाख, खापरखेड़ा से खान तक मुरम सड़क निर्माण के लिए 2 लाख तथा स्वामी समर्थ मंदिर मंडप निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार के कार्य किए जा रहे हैं। 15वें वित्त आयोग की राशि से 15 लाख की लागत से पुलिया एवं नर्सरी नाली निर्माण, खोडरी में सीसी रोड के लिए 3 लाख 75 हजार, गजानन महूकर के घर से नवीन जायसवाल के घर तक सीसी रोड के लिए 3 लाख 75 हजार, डॉ. भोलासिंह के घर से गोकुल साहेबराव के घर तक सीसी रोड के लिए 2 लाख तथा कैलास तुलसीराम की दुकान से बालू पाटील के घर तक सीसी रोड के लिए 2 लाख के कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त धामनी रिचार्ज के लिए 1 लाख 50 हजार, गोलखेड़ा में पेवर ब्लॉक के लिए 1 लाख, नाली निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार तथा खापरखेड़ा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख के कार्य किए जा रहे हैं। 5वें वित्त आयोग से पशु शेड निर्माण के लिए 76 हजार तथा गोधानखेड़ा में मुक्तिधाम की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार के कार्य शामिल हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पे-बावड़ी के गहरीकरण के लिए 1 लाख का कार्य भी किया जा रहा है।

मोरझिरा में 1,250 पौधे शत-प्रतिशत जीवित, संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि ग्राम मोरझिरा में दो वर्ष पूर्व उनके द्वारा 1,250 पौधों का रोपण किया गया था। प्रसन्नता की बात है कि आज ये सभी पौधे शत-प्रतिशत जीवित हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत को निर्देशित किया कि इस वर्ष पौधों को पानी की कमी न होने पाए तथा उनके नियमित रखरखाव और सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों को सहेजना और बड़ा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आने वाली वर्षा ऋतु में जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ग्रामीणों को आगे आना होगा और इसकी जिम्मेदारी स्वयं लेनी होगी। वर्षा की प्रत्येक बूंद को सहेजने, जलस्रोतों के संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।

स्वच्छता के लिए घर-घर कचरा संग्रहण हेतु ई-वाहन खरीदने के निर्देश

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि अपने गांव, अपने घर और अपने आंगन को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। स्वच्छता की शुरुआत अपने घर से और अपने आसपास के परिवेश से होनी चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायत को घर-घर से नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ई-वाहन खरीदने के निर्देश दिए, ताकि गांव में कचरे का व्यवस्थित संग्रहण एवं निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ गांव की आधारशिला है। प्रत्येक परिवार और ग्रामीण की सहभागिता से ही स्वच्छता का संकल्प साकार होगा।

शासकीय योजनाओं से हजारों परिवार लाभान्वित

ग्राम बोरसल में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल 419 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें 251 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिन पर 3 करोड़ 76 लाख 50 हजार व्यय हुए हैं, जबकि 168 आवासों का सर्वेक्षण किया गया है, जिनके लिए 2 करोड़ 52 लाख की राशि निर्धारित है। इस प्रकार कुल 6 करोड़ 28 लाख 50 हजार की राशि से आवास योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1,085 महिलाएं तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 288 बालिकाएं लाभान्वित हो रही हैं।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार गांवों के विकास तथा जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और प्रत्येक गांव एवं उपग्राम विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

कार्यक्रम में शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विरेंद्र तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, जिला पंचायत सदस्य अरुण सूर्यवंशी एवं किशोर पाटिल, जनपद पंचायत सदस्य दिवाकर कोली, अंतरसिंह बारेला, विनोद शिंदे, नगीन जायसवाल, रामभाऊ महाले, गणेश पाटिल, दिनकर महाजन, स्वप्निल पाटिल, गणेश महाजन, संजय पवार, सचिन चौधरी एवं रविंद्र महाजन समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0