प्रभारी मंत्री के प्रवास में फिर उभरा शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा; सवालों पर गिनाया 'कागजी विकास', अधिकारियों को निर्देश देकर रवाना हुए सिलावट

प्रभारी मंत्री के प्रवास में फिर उभरा शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा; सवालों पर गिनाया 'कागजी विकास', अधिकारियों को निर्देश देकर रवाना हुए सिलावट


बुरहानपुर। जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट शुक्रवार, 20 नवंबर को बुरहानपुर जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहे। अपने इस दौरे के दौरान मंत्री ने जहां एक ओर कलेक्टोरेट में अधिकारियों की बैठक ली और सरकारी आयोजनों में शिरकत की, वहीं दूसरी ओर शहर की सबसे बड़ी समस्या यानी 'बदहाल सड़कों' को लेकर वे मीडिया के तीखे सवालों से बचते नजर आए।
सड़कों के सवाल पर गिनाईं योजनाएं, थमाए निर्देश
प्रवास के दौरान जब स्थानीय मीडिया ने शहर की जर्जर और गड्ढों भरी सड़कों को लेकर आम जनता को हो रही परेशानियों पर सवाल दागे, तो प्रभारी मंत्री ठोस समय-सीमा या समाधान बताने के बजाय केवल कागजी आंकड़े और योजनाओं के नाम गिनाते दिखे। प्रभारी मंत्री होने के नाते उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश देकर औपचारिकता पूरी की, जिससे शहरवासियों के हाथ एक बार फिर केवल आश्वासन ही लगा।
प्रवास के दौरान आयोजित प्रमुख कार्यक्रम:-
समीक्षा बैठक: सुबह मंत्री सिलावट ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और शासन की योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह: सुबह 12 बजे वे रेणुका कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचे, जहां आयोजित सामूहिक विवाह एवं निकाह सम्मेलन में शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।साथ ही कार्यक्रम में स्थानिक विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, खंडवा संसदीय क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए कार्यक्रम में बुरहानपुर जिला कलेक्टर विवेक कुमार, एसडीएम पल्लवी पौराणिक और बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी मंच पर उपस्थित रहे
जनविश्वास अभियान: दोपहर में मंत्री तुलसी सिलावट ने ग्राम नाचनखेड़ा पहुंचकर 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान' में सहभागिता की और ग्रामीणों व आमजन से सीधा संवाद किया।
सभी निर्धारित शासकीय व सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रभारी मंत्री दोपहर में बुरहानपुर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। बहरहाल, शहर की जनता को अब भी इस बात का इंतजार है कि प्रभारी मंत्री के ये निर्देश केवल फाइलों तक सीमित रहेंगे या जमीन पर सड़कों की सूरत भी बदलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



