पानी बना नहीं सकते, लेकिन पानी बचाने का संस्कार, स्वभाव और जल अनुशासन जन-जन में विकसित करना होगा-अर्चना चिटनिस

पानी बना नहीं सकते, लेकिन पानी बचाने का संस्कार, स्वभाव और जल अनुशासन जन-जन में विकसित करना होगा-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। पानी हम बना नहीं सकते, लेकिन उपलब्ध पानी को सहेजना, उसका संरक्षण करना और सदुपयोग करना हमारे हाथ में है। इसके लिए पानी बचाने का संस्कार, स्वभाव और जल अनुशासन जन-जन में विकसित करने का प्रयास निरंतर करते रहेंगे। जल संकट की संभावित चुनौती से निपटने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के पास स्पष्ट कार्ययोजना समय रहते तैयार होनी चाहिए तथा उसका क्रियान्वयन आगामी वर्षा ऋतु से पहले सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जल संरक्षण को केवल विभागीय गतिविधि तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाया जाए। प्रत्येक गांव और वार्ड में जल बचाने तथा वर्षा जल संचयन के लिए विशेष अभियान चलाएंगे। जल संरक्षण के साथ-साथ समाज में जल अनुशासन विकसित करना भी आवश्यक है। पानी का उपयोग आवश्यकता के अनुरूप हो, उसकी बर्बादी न हो और प्रत्येक व्यक्ति जल के महत्व को समझते हुए उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए। जल अनुशासन को जनजीवन का हिस्सा बनाना होगा, तभी आने वाली पीढि़यों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे। साथ ही जिले में मिट्टी एवं जल से संबंधित ज्ञान के प्रसार, वैज्ञानिक जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन के लिए जिला स्तरीय ज्ञान केंद्र की स्थापना की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
यह निर्देश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुधवार को सर्किट हाउस में कलेक्टर विवेक कुमार, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन की समीक्षा बैठक में दिए।
नगर निगम क्षेत्र में वर्षा जल *संचयन एवं जल अनुशासन पर विशेष जोर*
बैठक में नगर निगम बुरहानपुर एवं नगर परिषद शाहपुर के कार्यों की समीक्षा की। महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने नगर में चल रहे रूफ वाटर हार्वेस्टिंग (छतों से वर्षा जल संचयन) के कार्यों की जानकारी दी। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि शहर में प्रत्येक वार्ड की जल संरक्षण कार्ययोजना बनाई जाए, मोहल्ला समितियां के गठन हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। जिससे इन मोहल्ला समितियों को सक्रिय कर वार्ड स्तर पर जल चौपाल आयोजित की जाए। नए भवनों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अनिवार्य कराने तथा व्यावसायिक भवनों में भी इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करें। सार्वजनिक एवं घरेलू नल कनेक्शनों में टोंटियां लगाने तथा पानी की बर्बादी रोकने के लिए नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा। निजी टैंकरों की संख्या और उनके जल स्रोतों की जानकारी संकलित करने के निर्देश भी दिए। भवनों की छतों से वर्षा जल को पाइप के माध्यम से सोख्ता गड्ढों तक पहुंचाने, शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए तीन से पांच वर्ष की पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण की कार्ययोजना बनाने तथा परंपरागत कुओं और बावड़ियों की सफाई कराने पर जोर दिया। प्लास्टिक कचरे के उपयोगी निस्तारण और शहर से आठ किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों से कचरा संग्रहण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।
वर्षा से पहले बैराजों की मरम्मत और तालाबों का गहरीकरण कराएं
जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने पिछले वर्ष बैराजों के गेट समय पर बंद नहीं होने की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भावसा सहित कुछ स्थानों पर पानी रोकने के लिए ग्रामीणों को स्वयं रेत की बोरियां लगानी पड़ी थीं। ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आगामी वर्षा ऋतु से पहले सभी बैराजों के गेट और संबंधित संरचनाओं की मरम्मत पूरी की जाए। उन्होंने सेलगांव एवं बोदरली में मरम्मत कार्य, बख्खारी एवं तारापाटी के स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया तथा भावसा बांध के गेटों की मरम्मत के लिए तकनीकी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। भावसा बांध के गेटों की तकनीकी स्थिति की रिपोर्ट आगामी टीएल बैठक में प्रस्तुत करने को कहा। स्वीकृत बैराजों की मरम्मत और तालाबों का गहरीकरण भी वर्षा से पहले पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
हर गांव का बनेगा जल मानचित्र, अतिक्रमण भी होंगे चिह्नित
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक गांव का जल मानचित्र तैयार किया जाएगा। इसमें नदियों, नालों, प्राकृतिक जल प्रवाह मार्गों, जल स्रोतों और जल संग्रहण संरचनाओं को चिह्नित किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को गांववार मानचित्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। नदियों एवं नालों में अतिक्रमण का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा वन क्षेत्रों में जल स्रोतों के उद्गम स्थलों की पहचान करने को कहा। प्रत्येक गांव में ग्राम जल समितियों को सक्रिय करने, जल संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए जल जागरण फेरी निकालने और वर्षा पूर्व कार्यशाला आयोजित करने पर जोर दिया। खेतों में मेड़बंदी, खंती निर्माण और वर्षा जल को खेतों में ही रोकने के उपाय अपनाने के निर्देश दिए। नौतपा के दौरान निजी एवं शासकीय कुओं की सफाई तथा बंद पड़े बोरवेल के माध्यम से भूजल पुनर्भरण की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।
मिट्टी एवं जल संबंधी जिला स्तरीय ज्ञान केंद्र की स्थापना की पहल
श्रीमती चिटनिस ने जिले में मिट्टी एवं जल से संबंधित जिला स्तरीय ज्ञान केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। इस केंद्र के माध्यम से मिट्टी की गुणवत्ता, जल उपलब्धता, भूजल स्तर, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे किसानों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम जल समितियों और संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप जल एवं मृदा प्रबंधन की बेहतर कार्ययोजना बनाने में सहायता मिलेगी।
फसल विविधीकरण से कम पानी में बढ़ेगी किसानों की आमदनी
कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा में श्रीमती चिटनिस ने कहा कि जिले में केले की खेती बड़े पैमाने पर होती है, लेकिन एक ही फसल पर लगातार निर्भरता और अधिक जल उपयोग से भूजल स्तर पर दबाव बढ़ता है। किसानों को कम पानी में बेहतर आमदनी देने वाली वैकल्पिक फसलों के लिए प्रोत्साहित किया जाए। फसल का चयन क्षेत्र में उपलब्ध जल की स्थिति के अनुसार होना चाहिए। इसके लिए प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद कर फसल विविधीकरण की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने निजी नलकूपों की स्थिति का पुनर्मूल्यांकन करने, भूजल पुनर्भरण, मेड़बंदी एवं खंती निर्माण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को जिले में गाय, भैंस, बैल एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़े पशुओं की संख्या का आकलन कर नाबार्ड के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
*एक सप्ताह में प्रस्तुत करनी होगी समयबद्ध कार्ययोजना*
कलेक्टर विवेक कुमार ने सभी विभागों को बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप एक सप्ताह के भीतर ठोस एवं परिणाममूलक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी, समय-सीमा और अपेक्षित परिणाम कार्ययोजना में उल्लेखित होने चाहिए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। उप कलेक्टर राजेश पाटीदार के माध्यम से ये कार्ययोजनाएं आगामी टीएल बैठक के पूर्व प्रस्तुत की जाएंगी।
बैठक में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित नगर निगम, नगर परिषद, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि विज्ञान केंद्र, राजस्व, वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0


