बुरहानपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पॉलीक्लिनिक का औचक निरीक्षण: कलेक्टर विवेक कुमार ने दिए गुणवत्ता और तेजी के निर्देश

बुरहानपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पॉलीक्लिनिक का औचक निरीक्षण: कलेक्टर विवेक कुमार ने दिए गुणवत्ता और तेजी के निर्देश


बुरहानपुर /
नवागत कलेक्टर विवेक कुमार ने सोमवार को जिले में पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेणुका माता मंदिर के पास निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिटी पैलेस के समीप स्थित पॉलीक्लिनिक और नवीन तहसील कार्यालय का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण में लाएं तेजी: कलेक्टर
कलेक्टर विवेक कुमार ने लगभग 7 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्थल पर पहुंचकर नक्शे का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कॉम्प्लेक्स में प्रस्तावित कक्षों, खेल गतिविधियों, कैफेटेरिया, जिम और ड्रेसिंग रूम जैसी सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को जल्द से जल्द खेल गतिविधियों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
पॉलीक्लिनिक में सुरक्षा और बाउंड्रीवॉल निर्माण पर जोर
निरीक्षण के अगले चरण में कलेक्टर ने सिटी पैलेस के पास स्थित पॉलीक्लिनिक परिसर का जायजा लिया। उन्होंने लेबर रूम और जनरल वार्ड की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए परिसर में बाउंड्रीवॉल के निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के विशेष निर्देश दिए।
इसके साथ ही, पॉलीक्लिनिक के सामने वाली सड़क के चौड़ीकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, जिससे मरीजों और आम नागरिकों के लिए आवागमन अधिक सुगम हो सके। इस दौरान कलेक्टर ने नवीन तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर और सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला के अलावा नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
