कटनी: होटल संचालक पर जानलेवा हमला, जिला बदर आरोपी ने ऑफिस में घुसकर चलाई गोली; मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
कटनी: होटल संचालक पर जानलेवा हमला, जिला बदर आरोपी ने ऑफिस में घुसकर चलाई गोली; मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

कटनी:
जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर तिराहे पर स्थित होटल 'साल्या' के संचालक पर एक जिला बदर आरोपी द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने होटल के ऑफिस में घुसकर गोली चलाई, जिसमें संचालक बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

कमरा देने से मना करने पर हुआ विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल संचालक प्रेम शंकर रॉय अपने ऑफिस में बैठे हुए थे, तभी कुछ लोग वहां कमरा बुक कराने पहुंचे। आरोप है कि होटल संचालक द्वारा कमरा देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान पन्ना जिले के जिला बदर आरोपी सुनील यादव ने गुस्से में आकर होटल संचालक पर गोली चला दी।
गोली संचालक की गर्दन के बेहद करीब से निकलकर सीधे दीवार में जा धंसी। इस अचानक हुए हमले से संचालक नीचे गिर पड़े, जिससे उनके अंगूठे में भी चोट आ गई। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील यादव के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे होटल में कमरा न देने के निर्देश भी दिए गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुठला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी सुनील यादव सहित तीन आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला और उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें आगे की न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया।
Comments (0)