विधायक अर्चना चिटनिस और कलेक्टर विवेक कुमार ने मंडी बाजार की सब्जी मंडी और शनवारा से गणपति थाना चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का किया निरीक्षण

विधायक अर्चना चिटनिस और कलेक्टर विवेक कुमार ने मंडी बाजार की सब्जी मंडी और शनवारा से गणपति थाना चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का किया निरीक्षण
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने कलेक्टर विवेक कुमार एवं अधिकारियों के साथ मंडी बाजार स्थित सब्जी मंडी तथा शनवारा चौराहे से गणपति थाना चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं और आम नागरिकों को होने वाली कठिनाइयों को जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं और आवश्यकताओं का आकलन कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर बहुत पुराना और ऐतिहासिक शहर है। जिस समय इसकी मूल व्यवस्था और आधारभूत संरचना विकसित की गई थी, उस समय जनसंख्या सीमित थी और लोगों की आवश्यकताएं एवं आकांक्षाएं भी आज की तुलना में अलग थीं। समय के साथ जनसंख्या कई गुना बढ़ी है। आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों और नागरिक सुविधाओं की जरूरतों में भी बड़ा बदलाव आया है। इसलिए शहर की पुरानी व्यवस्थाओं का पुनर्मूल्यांकन कर वर्तमान परिस्थितियों और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकास की व्यापक कार्ययोजना तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल आज की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आगामी 20-25 वर्षों की आबादी, आवश्यकताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखकर योजना बनाई जानी चाहिए। यह आकलन किया जाए कि किन क्षेत्रों में नई आधारभूत संरचनाओं की आवश्यकता है, कहां नई मंडी अथवा अन्य व्यावसायिक सुविधाओं के विकास की जरूरत है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किन व्यवस्थाओं में बदलाव आवश्यक है। यातायात, बाजार, मंडी, पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को व्यवस्थित करने के लिए दूरदर्शी योजना बनाई जाए, जिससे नागरिकों को अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
मंडी बाजार स्थित सब्जी मंडी के निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने वहां की व्यवस्थाओं, पार्किंग, आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी कठिनाइयों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मौके पर सामने आई समस्याओं और आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन किया जाए। मंडी क्षेत्र की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि सभी पहलुओं पर विचार करते हुए उचित कार्ययोजना बनाई जा सके।
वहीं, शनवारा चौराहे से गणपति थाना चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग पर लगभग 3.91 करोड़ रुपए की लागत से सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, सेंट्रल लाइटिंग एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों की कुल लागत 391.15 लाख रुपए है। इसमें डिवाइडर एवं सेंट्रल लाइटिंग कार्य के लिए 208.04 लाख रुपए, सड़क चौड़ीकरण के डब्ल्यूएमएम कार्य के लिए 109.69 लाख रुपए तथा विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य के लिए 73.42 लाख रुपए निर्धारित हैं। मार्ग पर विद्युत संबंधी कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही इंदौर-ईच्छापुर के नए फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के बाद पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग, जो बुरहानपुर से होकर गुजरता है, का वन टाइम इम्प्रवमेंट के तहत कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को भा.रा.रा.प्रा.से कराकर लोक निर्माण विभाग मध्यप्रदेश शासन को हस्तांतरित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने सीवरेज कार्य कर रही एजेंसी को निर्देश दिए कि शनवारा चौराहे से गणपति थाना चौराहे तक मार्ग के दोनों ओर अतिरिक्त टीमें और मशीनें लगाकर सीवरेज का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाकर पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि सीवरेज कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे सड़क निर्माण शीघ्र पूरा हो और नागरिकों को राहत मिले। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण हों।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए शहर की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विकास करना जरूरी है। आगामी 20-25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई दूरदर्शी विकास योजना से शहर की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और आने वाली पीढि़यों के लिए एक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बुरहानपुर तैयार हो सकेगा।
इस दौरान नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे, बलराज नावानी, चिंतामन महाजन, रूद्रेश्वर एंडोले, आशीष शुक्ला, अजहर उल हक, चिंटू राठौर एवं शोऐब औलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0



