अभियान के प्रथम दिवस थाना खकनार में जागरूकता कार्यक्रम थाना प्रभारी खकनार निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल द्वारा शासकीय कन्या शाला खकनार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

25 Nov 2026 - 21:30
अभियान के प्रथम दिवस थाना खकनार में जागरूकता कार्यक्रम थाना प्रभारी खकनार निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल द्वारा शासकीय कन्या शाला खकनार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

बुरहानपुर पुलिस द्वारा महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा लैंगिक हिंसा के प्रति जागरूकता हेतु 16 दिवसीय विशेष अभियान प्रारंभ

स्कूल-कॉलेजों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं आपातकालीन हेल्पलाइन की दी जाएगी जानकारी

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लैंगिक हिंसा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सुरक्षित वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है।

पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  प्रदीप शेण्डे, नगर पुलिस अधीक्षक  विनोद सिंह कुशवाह एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्रीमती अनुसुईया भंवर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों, छात्रावासों एवं संवेदनशील स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के प्रथम दिवस थाना खकनार में जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के प्रथम दिवस आज दिनांक 25.11.2026 को थाना प्रभारी खकनार निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल द्वारा

शासकीय कन्या शाला खकनार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां :

गुड टच-बैड टच : अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार का असहज व्यवहार होने पर चुप न रहें और तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।

लैंगिक अपराधों से बचाव: महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनसे बचाव के उपायों तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन फ्रॉड: सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक न करना, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करना तथा ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव के तरीके बताए गए।

साइबर हेल्पलाइन 1930*: ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।

डायल 112 : किसी भी आपातकालीन परिस्थिति, छेड़छाड़, पीछा करने अथवा असुरक्षित महसूस होने पर तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई।

यातायात सुरक्षा: सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित आवागमन के संबंध में जागरूक किया गया।

16 दिवसीय अभियान के दौरान होंगे विविध आयोजन

बुरहानपुर पुलिस द्वारा अभियान के अंतर्गत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से :

स्कूल एवं कॉलेजों में छात्राओं के लिए सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम।

महिला एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी।

गुड टच-बैड टच एवं बाल यौन शोषण से बचाव संबंधी जागरूकता।

साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव।

महिलाओं के लिए उपलब्ध पुलिस सहायता एवं हेल्पलाइन की जानकारी।

संवेदनशील क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सुरक्षित वातावरण निर्माण के लिए जागरूकता गतिविधियां।

बालिकाओं को अपनी समस्याएं बिना संकोच साझा करने एवं अपराधों की शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित करना।

बुरहानपुर पुलिस की अपील: बुरहानपुर पुलिस सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं नागरिकों से अपील करती है कि महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी समझें। बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की लैंगिक हिंसा, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0