शहडोल में नकली नोटों का बड़ा खेल बेनकाब: 8.71 लाख की जाली करेंसी के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, प्रिंटर और बाइक जब्त

शहडोल में नकली नोटों का बड़ा खेल बेनकाब: 8.71 लाख की जाली करेंसी के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, प्रिंटर और बाइक जब्त

शहडोल

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में नकली भारतीय करेंसी (Fake Currency) का कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। खैरहा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 8 लाख 71 हजार 200 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
ऐसे हुआ खुलासा और हुई गिरफ्तारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को खैरहा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नकली नोटों का अवैध लेन-देन होने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए ग्राम छिरहटी के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक बैग मिला, जिसमें 500 रुपये के 1702 नोट और 200 रुपये के 101 नकली नोट बरामद किए गए। कुल 1803 जाली नोटों की फेस वैल्यू 8,71,200 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर और एक होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 9 लाख 21 हजार 700 रुपये है।
शहडोल, अनूपपुर और डिंडौरी तक फैला है नेटवर्क
इस मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शहडोल के अलावा पड़ोसी जिलों अनूपपुर और डिंडौरी के रहने वाले हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि यह गिरोह पिछले कितने समय से सक्रिय था, इन नकली नोटों को बाजार में कहां-कहां खपाने की योजना थी और इस बड़े नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग मास्टरमाइंड के रूप में जुड़े हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0

