शिक्षार्चन 2026-शिक्षा में नवाचार के साथ विद्यार्थियों को एआई जागरूकता और ई-लर्निंग का उपहार-अर्चना चिटनिस

शिक्षार्चन 2026-शिक्षा में नवाचार के साथ विद्यार्थियों को एआई जागरूकता और ई-लर्निंग का उपहार-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, विद्यार्थियों के सीखने के तरीकों में नवाचार लाने और उन्हें भविष्य की शैक्षणिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) की पहल पर बुधवार को परमानंद गोविंदजीवाला सभागार में ‘शिक्षार्चन 2026’ का आयोजन किया गया। ‘शिक्षा में नवाचार’ की अवधारणा पर आधारित इस कार्यक्रम में बुरहानपुर के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र एआई के प्रति जागरूकता और ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने के आधुनिक अवसर उपलब्ध कराना रहा। विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन अध्ययन मंच की सुविधा भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में भोपाल से क्रिस्प के माध्यम से एआई पर विशेष सीधा संवाद सत्र आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एआई की कार्यप्रणाली, शिक्षा एवं सीखने की प्रक्रिया में उसकी उपयोगिता, भविष्य की संभावनाओं तथा उससे जुड़ी चुनौतियों की जानकारी दी। साथ ही एआई के सुरक्षित, समझदारीपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ उपयोग के प्रति जागरूक किया।

बच्चों में अपार क्षमता, सही मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधनों से मिलेगी नई उड़ान
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उनकी क्षमताओं को पहचानने, उन्हें सही दिशा देने और सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की। शिक्षार्चन का उद्देश्य केवल परीक्षा की तैयारी कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करना, विषयों को गहराई से समझने की क्षमता बढ़ाना और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि कितने भी आधुनिक ऑनलाइन अध्ययन मंच और तकनीकें आ जाएं, लेकिन शिक्षक का स्थान कोई नहीं ले सकता। शिक्षक का अनुभव, मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के प्रति उनका समर्पण अनमोल है। डिजिटल माध्यम शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि सीखने और समझने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने वाला सहयोगी साधन है।
श्रीमती चिटनिस ने विद्यार्थियों से कहा कि एआई का उपयोग समझदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। तकनीक का सही उपयोग आपके ज्ञान को बढ़ाने, जिज्ञासाओं का समाधान करने और नई चीजें सीखने में सहायक हो सकता है। आप सभी विद्यार्थी एक मिसाइल की तरह हैं, जिनमें अपार ऊर्जा और सामर्थ्य है। सही मार्गदर्शन और दिशा मिलने पर आप न केवल बुरहानपुर का नाम रोशन करेंगे, बल्कि भारत के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
हर विद्यार्थी की अलग पहचान, अपनी गति से सीखने और पढ़ने की सुविधा
शिक्षार्चन 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म की सदस्यता उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक विद्यार्थी की अपनी व्यक्तिगत उपयोगकर्ता पहचान संख्या और कूटशब्द होगा, जिसके माध्यम से वह कहीं भी और कभी भी अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन कर सकेगा। इस मंच पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी गति और समय के अनुसार विषयों का अध्ययन कर सकेंगे, पाठों को दोहरा सकेंगे और अपनी समझ को बेहतर बना सकेंगे। पढ़ाई के दौरान किसी विषय या प्रश्न को लेकर शंका होने पर उसका समाधान प्राप्त करने के साथ ही विषय से संबंधित प्रश्न शिक्षकों से पूछकर मार्गदर्शन भी ले सकेंगे। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को केवल पाठ्य सामग्री पढ़ने तक सीमित रहने के बजाय स्वयं सीखने, अभ्यास करने, अपनी कमियों को पहचानने और विषयों पर बेहतर पकड़ बनाने का अवसर मिलेगा। विद्यालय में नियमित शिक्षा के साथ घर बैठे भी उनकी सीखने और तैयारी की प्रक्रिया निरंतर जारी रह सकेगी।
बुरहानपुर विधानसभा में निरंतर संचालित होंगी शिक्षार्चन की गतिविधियां
‘शिक्षार्चन 2026’ शिक्षा में नवाचार, एआई जागरूकता और ई-लर्निंग के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराने की पहल है। बुरहानपुर विधानसभा में शिक्षार्चन की गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल लर्निंग, ऑनलाइन अध्ययन, विषयों की बेहतर समझ, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी और शिक्षकों के मार्गदर्शन से जोड़कर उनकी शैक्षणिक क्षमता एवं प्रतिभा को निरंतर निखारने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, जिला शिक्षाधिकारी सुश्री रोहिनी पवार, मुकेश शाह, रूद्रेश्वर एंडोले, भाजयुमो जिलाध्यक्ष भरत रावल, पूर्व जिला शिक्षाधिकारी रविन्द्र महाजन, संतोष सोलंकी एवं शुभम कार्ले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
दिनांक:- 04 नवंबर 2026
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0

