संदिग्ध व्यक्तियों पर रखे नजर दीपावली एवं धनतेरस पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने सराफा एसोसिएशन की ली बैठक

04 Nov 2026 - 23:55
संदिग्ध व्यक्तियों पर रखे नजर दीपावली एवं धनतेरस पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने सराफा एसोसिएशन की ली बैठक

दीपावली एवं धनतेरस पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने सराफा एसोसिएशन की ली बैठक

सराफा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्कता एवं व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

आगामी दीपावली एवं धनतेरस पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली ग्राहकों की भीड़ एवं व्यापारिक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी द्वारा सराफा एसोसिएशन केपदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में त्योहार के दौरान सराफा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम तथा व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पांडे, नगर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद सिंह कुशवाहा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्रीमती नीता देअरवाल, रेडियो प्रभारी सहायक उप निरीक्षक श्री मुकरीम खान तथा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नरेंद्र भाई श्रॉफ, उपाध्यक्ष विजय भाई जड़िया, एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश:

सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से चालू रखें : सभी सराफा प्रतिष्ठानों के बाहर एवं अंदर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित रखने तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। कैमरों का एंगल ऐसा हो कि दुकान के प्रवेश एवं निकास द्वार सहित आसपास की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दें।

संदिग्ध व्यक्तियों पर रखें नजर: दुकानों एवं बाजार क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों, बार-बार दुकानों की रेकी करने वालों अथवा संदिग्ध गतिविधियां करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

नकदी के लेन-देन में बरतें सावधानी: बड़ी मात्रा में नकदी एवं कीमती आभूषणों के परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता रखें। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को पूर्व सूचना देकर सुरक्षा संबंधी सहयोग प्राप्त करें।

दुकान बंद करते समय विशेष सावधानी 

: प्रतिष्ठान बंद करने से पहले आभूषणों एवं नकदी को सुरक्षित स्थान पर रखें। दुकान के शटर, ताले एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की अच्छी तरह जांच करें।

अग्नि सुरक्षा के इंतजाम रखें : दुकानों में विद्युत उपकरणों एवं वायरिंग की जांच कराएं तथा अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखें, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जा सकें।

पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें : सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी अपने सदस्यों के बीच पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारी के संपर्क नंबर साझा करें तथा किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

यातायात एवं भीड़ प्रबंधन में करें सहयोग धनतेरस एवं दीपावली के दौरान बाजार में अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए व्यापारियों से अपील की गई कि वे निर्धारित पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा दुकानों के सामने अनावश्यक अतिक्रमण न करें, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।

पुलिस एवं व्यापारियों के समन्वय पर दिया जोर

पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं बाजारों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसमें व्यापारियों एवं आम नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय, सतर्कता एवं समय पर सूचना का आदान-प्रदान होने से आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।उन्होंने सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने सभी व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक में कहा कि यदि सराफा व्यापारी देहात क्षेत्र में व्यापार करने जाते हैं तो सूर्यास्त होने के पहले बाजार से निकालने की कोशिश करें यदि देहात बाजार में दो या दो से अधिक व्यापारी जाए तो वह साथ में आना-जाना करें एवं इसकी सूचना संबंधित थाने को भी दे।

बुरहानपुर पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करती है कि दीपावली एवं धनतेरस का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0