दीपावली पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने रेणुका मंदिर परिसर स्थित पटाखा गोदाम एवं अस्थाई दुकानों का किया निरीक्षण

दीपावली पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने रेणुका मंदिर परिसर स्थित पटाखा गोदाम एवं अस्थाई दुकानों का किया निरीक्षण

पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश, अग्नि सुरक्षा एवं जनसुरक्षा को लेकर बरती जाए विशेष सतर्कता

आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी द्वारा रेणुका मंदिर परिसर में संचालित पटाखा गोदामों एवं दीपावली पर्व के लिए लगाई गई अस्थाई पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटाखा व्यापारियों एवं दुकानदारों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए
सभी पटाखा दुकानदार निर्धारित स्थान एवं वैध अनुज्ञप्ति के अनुसार ही पटाखों का विक्रय करें।
पटाखा दुकानों एवं गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, पानी एवं रेत से भरी बाल्टियों जैसी आवश्यक अग्निशमन सामग्री उपलब्ध रखी जाए।
दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ, कचरा एवं आग पकड़ने वाली अन्य सामग्री न रखी जाए।
पटाखों का भंडारण निर्धारित क्षमता एवं सुरक्षित दूरी के मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
पटाखा दुकानों के आसपास धूम्रपान, बीड़ी, सिगरेट अथवा किसी भी प्रकार के खुले अग्नि स्रोत का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए।
दुकानों के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी एवं आवागमन के लिए रास्ता खुला रखा जाए, जिससे किसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य आसानी से किया जा सके।
विद्युत कनेक्शन, वायरिंग एवं अस्थाई विद्युत व्यवस्था सुरक्षित होनी चाहिए। खुले तारों एवं असुरक्षित कनेक्शन से बचें।
निर्धारित समय एवं नियमों के अनुसार ही पटाखों का विक्रय किया जाए।
दुकानदार स्वयं भी सतर्क रहें तथा ग्राहकों को भी पटाखों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दें।
जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता* पुलिस अधीक्षक श्री बागरी ने कहा कि दीपावली खुशियों एवं उत्साह का पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक पटाखों की खरीदारी के लिए बाजार एवं अस्थाई दुकानों पर पहुंचते हैं। ऐसे में पटाखा व्यापारियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं सुरक्षा नियमों का पालन करें और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। किसी भी प्रकार की लापरवाही से आगजनी जैसी अप्रिय घटना घटित हो सकती है, इसलिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि पटाखा विक्रय स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बुरहानपुर पुलिस की आमजन से अपील
दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएं। पटाखे खरीदते एवं जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
