सागर-युवती से दुष्कर्म, फिर कुएं में धकेलकर हत्या:मर्डर के बाद आराम से टेंट में सोया, अगले दिन छुट्टी लेकर भागा, 18 दिन बाद गिरफ्तार

18 Oct 2026 - 23:20
0 1
सागर-युवती से दुष्कर्म, फिर कुएं में धकेलकर हत्या:मर्डर के बाद आराम से टेंट में सोया, अगले दिन छुट्टी लेकर भागा, 18 दिन बाद गिरफ्तार
सागर में एक युवती से दुष्कर्म के बाद उसे कुएं में धकेलकर हत्या कर दी गई। किसी को शक न हो, इसके लिए आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से युवती के कपड़े भी कुएं में फेंक दिए। इसके बाद वह अपने शिविर में जाकर सो गया। अगले दिन छुट्टी लेकर सीधी चला गया। पुलिस के अनुसार, युवती 30 सितंबर की रात करीब 1 बजे घर से लापता हो गई थी। सुबह उसके पिता ने मोतीनगर थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। खोजबीन के दौरान 10 अक्टूबर को उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर एक कुएं में मिला। शव निर्वस्त्र अवस्था में था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और मामले की जांच शुरू की। मोतीनगर थाना पुलिस ने रविवार (18 अक्टूबर) को आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। 15-20 दिन पहले हुई थी युवती से पहचान पुलिस के मुताबिक, आरोपी की युवती से घटना से करीब 15-20 दिन पहले पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी। युवती ने आरोपी से उसकी शादी के बारे में पूछा था, लेकिन उसने खुद के शादीशुदा होने की बात छिपाई थी। पुलिस ने बताया कि 30 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने युवती को घर के बाहर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती ने आरोपी से शादी करने की बात कही। इस पर आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है। यह सुनकर युवती ने उसकी सच्चाई अपने और आरोपी के परिजनों को बताने की बात कही। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने युवती को जान से मारने के इरादे से कुएं में धकेल दिया। सबूत मिटाने के लिए उसने युवती के कपड़े भी कुएं में फेंक दिए। इसके बाद वह अपने शिविर में जाकर सो गया और अगले दिन छुट्टी लेकर सीधी चला गया। युवती के गायब होने के बाद परिजन रातभर उसे तलाशते रहे। अगले दिन पिता ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। छुट्टी पर जाने से पुलिस को हुआ संदेह जांच के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास हाईवे निर्माण कार्य में लगे लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि निर्माण कार्य में लगा एक युवक घटना वाले दिन से ही छुट्टी पर चला गया था। पुलिस को उस पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने युवक को तलाश कर हिरासत में लिया और पूछताछ की। आरोपी की पहचान अजय कुमार (19), पिता रामप्रसाद, निवासी ग्राम ढमक, थाना अमिलिया, जिला सीधी के रूप में हुई। जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या समेत अन्य धाराएं भी जोड़ दीं। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

Comments (0)

User