अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संघ के प्रयास लाए रंग: जनगणना कर्मियों के खाते में आई ₹10,200 की पहली किस्त, कर्मचारियों में खुशी की लहर

अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संघ के प्रयास लाए रंग: जनगणना कर्मियों के खाते में आई ₹10,200 की पहली किस्त, कर्मचारियों में खुशी की लहर
बुरहानपुर:
जिला जनगणना अधिकारियों से हुई सफल चर्चा के उपरांत नगरीय क्षेत्र एवं जिले के अंतर्गत कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के खातों में जनगणना पारिश्रमिक की प्रथम किस्त के रूप में ₹10,200 की राशि सीधे ट्रांसफर (DBT) कर दी गई है। खातों में राशि पहुंचते ही अधिकारी-कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे और जिले भर में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस बात की जानकारी देते हुए अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संघ के सलाहकार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित ने बताया कि संगठन के संस्थापक साजिद निसार अहमद एवं उनके द्वारा दिए गए सुझावों पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशफाक खान ने हस्तक्षेप किया। डॉ. खान ने दोपहर 12:30 बजे जिला स्तरीय उच्च जनगणना अधिकारियों से दूरभाष पर सीधी चर्चा की। इस प्रभावी बातचीत का परिणाम यह रहा कि शाम होते-होते कर्मचारियों के खातों में प्रथम किस्त की राशि प्रेषित कर दी गई।
निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव का किया गया सम्मान
नगरीय क्षेत्र में जनगणना कार्य का कुशलतापूर्वक संचालन कर रहे नगर पालिका निगम बुरहानपुर के आयुक्त माननीय संदीप श्रीवास्तव के प्रति अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संघ ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर भावभिनंदन व सम्मान किया।
द्वितीय चरण का मानदेय भी शीघ्र जारी करने का आग्रह
सम्मान समारोह के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव से आग्रह किया कि आगामी दूसरे चरण का कार्य पूर्ण होने के पश्चात कर्मचारियों की शेष मानदेय राशि भी अति शीघ्र उनके खातों में स्थानांतरित की जाए। इस पर सकारात्मक आश्वासन व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई गई कि दूसरे चरण का पारिश्रमिक भी समय-सीमा के भीतर प्रेषित कर दिया जाएगा।
इस गरिमामयी अवसर पर अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशफाक खान, जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाकिर, जिला सचिव मुजफ्फर अंसारी, संगठन मंत्री इसरार अहमद तथा सत्तार सर सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Comments (0)