2.41 करोड़ के विकास कार्यों से बदलेगी बुरहानपुर की तस्वीर, हर वार्ड तक पहुंचेंगी बेहतर सुविधाएं-अर्चना चिटनिस

14 Nov 2026 - 22:46
2.41 करोड़ के विकास कार्यों से बदलेगी बुरहानपुर की तस्वीर, हर वार्ड तक पहुंचेंगी बेहतर सुविधाएं-अर्चना चिटनिस

2.41 करोड़ के विकास कार्यों से बदलेगी बुरहानपुर की तस्वीर, हर वार्ड तक पहुंचेंगी बेहतर सुविधाएं-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। शहर के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति देते हुए विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने लगभग 2 करोड़ 41 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना एवं विधायक निधि के अंतर्गत होने वाले इन कार्यों से शहर की सड़कों, सामुदायिक भवनों, सभा मंडपों, सार्वजनिक स्थलों और श्मशान घाटों की सुविधाओं में विस्तार होगा। विकास कार्यों में सीसी सड़क, पेवर ब्लॉक, टीन शेड, तार फेंसिंग, भवनों का सौंदर्यीकरण एवं अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ शहर के प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक गली और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। हमारा संकल्प बुरहानपुर को सुविधायुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाना है। सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और सार्वजनिक स्थलों जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहर के विकास की इस यात्रा में प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।

ताप्ती तट स्थित नागझिरी श्मशान घाट को मिलेगा नया स्वरूप

शहर के श्मशान घाटों को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में वार्ड क्रमांक 19 इतवारा स्थित ताप्ती नदी के तट से लगे नागझिरी श्मशान घाट के विकास के लिए 50 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के अंतर्गत श्मशान परिसर का विस्तार, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन मार्गों का सुधार, पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि श्मशान घाट केवल अंतिम संस्कार के स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक परंपराओं और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण स्थान हैं। यहां आने वाले परिजन पहले से ही कठिन समय से गुजर रहे होते हैं। ऐसे में उन्हें स्वच्छ, शांत एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही परिसर में जीवन के मूल्यों, सकारात्मकता और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने वाले प्रेरक सुविचार एवं संदेश अंकित कराने का प्रयास रहेगा, जिन्हें पढ़कर व्यक्ति जीवन की वास्तविकता और उसके महत्व को समझ सके। उन्होंने कहा कि इन स्थलों के बेहतर रखरखाव एवं संचालन के लिए स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों की सहभागिता से समितियां बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाना चाहिए, ताकि इनका सुव्यवस्थित संचालन और निरंतर देखभाल सुनिश्चित हो सके।

*सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं के कार्यों का लोकार्पण*

मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18 सरदार पटेल वार्ड में सचिन नंदे के घर से रेशमवाड़ी तक 10 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क, वार्ड क्रमांक 20 सिंधीपुरा में पुराने पोस्ट ऑफिस से राजू पानवाले के घर तक 8 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क तथा दुर्गा मैदान में 10 लाख रुपए की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। वार्ड क्रमांक 19 इतवारा में सेठिया जी के घर के पास 2 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण हुआ।

विधायक निधि के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 मालवीय वार्ड में शिव मंदिर के पास 4 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का सौंदर्यीकरण, वार्ड क्रमांक 18 सरदार पटेल वार्ड में मंदिर के पास 2 लाख रुपए एवं नवदुर्गा मंदिर के पास 2 लाख रुपए की लागत से सभा मंडप निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 19 इतवारा में अरुण सरोदे के घर के पास 5 लाख रुपए की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 19 इतवारा में 2 लाख रुपए की लागत से टीन शेड एवं तार फेंसिंग, वार्ड क्रमांक 14 बेरी मैदान में शिकंदर भटियारे के घर के पास 1.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन में फ्लोरिंग, मुस्तफा भाई जलेबी वालों के घर से आगे तक 1 लाख रुपए, भोलू उस्ताद के घर से अरमान कुरैशी के घर तक 1.50 लाख रुपए तथा गफूर इरशाद के घर से अरमान कुरैशी के घर तक 2 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

विभिन्न वार्डों में नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 19 इतवारा में कमलेश गीते के घर के पास 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन एवं टीन शेड तथा सालीवाड़ा में 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन एवं टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

वार्ड क्रमांक 16 मालवीय वार्ड में लक्ष्मी माता मंदिर के पास 7 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण, वार्ड क्रमांक 19 इतवारा में इतवारा गेट से नागझिरी घाट तक 51 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण, वार्ड क्रमांक 17 आलमगंज में महादेव मंदिर के पास रिक्त भूमि पर 16.85 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन तथा वार्ड क्रमांक 22 मालवीय वार्ड में माली समाज मंडी के पास 20 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, डोम एवं फ्लोरिंग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 18 में हनुमान व्यायामशाला के पास 15 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भी शुभारंभ हुआ।

आजाद वार्ड में 10 लाख रुपए से बनेगा सभा मंडप

वार्ड क्रमांक 23 आजाद वार्ड में सिंगाजी मंदिर के पास 10 लाख रुपए की लागत से सभा मंडप निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसके निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि इन सभी विकास कार्यों के पूर्ण होने से शहर के विभिन्न वार्डों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा सामुदायिक भवनों, सभा मंडपों और सार्वजनिक स्थलों का उपयोग अधिक सुविधाजनक हो सकेगा। हमारा प्रयास है कि बुरहानपुर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि शहर की सुंदरता, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और सामाजिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे। प्रत्येक वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर बुरहानपुर को एक बेहतर और सुविधायुक्त शहर बनाना हमारा लक्ष्य है।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, चिंतामन महाजन, जयंती नवलखे, संतोष देवताले, संतोष शाह, अरुण सरोदे, रवि गुप्ता, राजेश बजाज, जतन सेठिया, अमित नवलखे, रितेश सरोदे, गौरव शुक्ला, अनिल विसपुते, विनोद पाटिल, भरत इंगले, भरत भुजड़े, हेमेन्द्र महाजन, नितेश दलाल, राजेश महाजन, मनोज फुलवानी, श्रीमती चेतना रावतोले, दिनेश धारे, चिंटू राठौर, अक्षय मोरे, आलोक मिश्रा, अमित परमेकर, सौरभ यादव, पंकज भरद्वाज, विशाल भावसार, योगेश भावसार, मेहुल श्रॉफ एवं शोऐब औलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

दिनांक:- 14 नवंबर 2026

01

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0