नशे के अवैध कारोबार करने वालों पर प्रशासन की नजर
नशे के अवैध कारोबार करने वालों पर प्रशासन की नजर

नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम तथा बेहतर समन्वय को लेकर बैठक संपन्न
शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें, नशे से संबंधित सूचना देने के लिए क्यूआर कोड एवं कंट्रोल रूम नंबर का करें प्रचार-प्रसार
बुरहानपुर/ जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों के सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर एवं कृषि सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सतत निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम तथा बेहतर समन्वय की बैठक में कलेक्टर कुमार ने कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि खेतों में फसलों के बीच मादक पदार्थों के पौधे पाए जाने पर संबंधित खेत मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। सामाजिक न्याय विभाग को नशामुक्ति से संबंधित गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने तथा पुनर्वास केंद्रों के संचालन एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं ड्रग इंस्पेक्टर को जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति अभियान में पुलिस विभाग के साथ-साथ सभी विभागों का सहयोग आवश्यक है। शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग अपने-अपने शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें। स्कूल, कॉलेज एवं छात्रावासों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ समितियों का गठन भी किया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि किसी भी शासकीय अथवा अशासकीय स्कूल में शिक्षक गुटखा या अन्य किसी नशीले पदार्थ का सेवन करते पाए जाते हैं, तो उन पर नियत राशि का जुर्माना लगाने के साथ संबंधित को नोटिस भी जारी किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने जानकारी दी कि नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए विशेष क्यूआर कोड तैयार किया गया है। उच्च शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनजातीय कार्य विभाग अपने-अपने संस्थानों में इस क्यूआर कोड को चस्पा कराएं। इसके माध्यम से सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों तथा छात्रावास अधीक्षकों को पुलिस कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया एवं कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं भी कोई मादक पदार्थ का सेवन करते, खरीदते या बेचते हुए दिखाई देता है, तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी जा सकती है। बैठक में डीएफओ विद्याभूषण सिंह, सीईओ जिला पंचायत सृजन वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0


