जनविश्वास अभियान से शासन और नागरिकों के बीच मजबूत हो रहा विश्वास, एक ही स्थान पर मिल रहीं शासकीय सेवाएं

जनविश्वास अभियान से शासन और नागरिकों के बीच मजबूत हो रहा विश्वास, एक ही स्थान पर मिल रहीं शासकीय सेवाएं

नागरिकों एवं प्रशासन के बीच सेतु का अभियान- जन-विश्वास अभियान
बुरहानपु मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को लालबाग स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मंगल कार्यालय में शिविर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान करने के साथ ही नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
आयोजित शिविर में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती अनिता यादव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री विवेक कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।


विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि शुक्रवार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक दिन जनविश्वास का दिन होता है। शासन प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी पहल में सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही विधायक श्रीमती चिटनिस ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने एवं कपड़े की थैलियों को अपनाने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता के लिए कचरा गाड़ी में गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देने तथा कार्यों में संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर भी जोर दिया।
वहीं कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि जन-विश्वास अभियान नागरिकों एवं प्रशासन के बीच सेतु का अभियान है। शासन विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक पात्र हितग्राही को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया और कहा कि शिक्षित बच्चे समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं। कलेक्टर कुमार ने नागरिकों को जागरूक रहकर सही निर्णय लेने, समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य करने तथा सकारात्मक भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग की त्वरित कार्यवाही से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
शिविर में पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने नागरिकों को कानूनी प्रावधानों एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं का विवाह निर्धारित आयु से पहले नहीं किया जाना चाहिए। यदि कहीं कम आयु में विवाह होने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना प्रशासन को देवें। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिये पुलिस थानों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा त्वरित रूप से कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने यातायात नियमों के पालन की अपील करते हुए कहा कि तेज गति से वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही भी की जाएगी।
योजना के हितग्राहियों को किये गये हितलाभ वितरण
शिविर में शासन की संबल योजना अंतर्गत 8 हितग्राहियों को करीबन 20 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र दिये गये। इसमें प्रकाश कुमार बदलानी, श्रीमती मनीषा तायडे, सुरेश गुप्ता, श्रीमती शंकुतला, श्रीमती मीराबाई यादव एवं संजय पाटील को 2-2 लाख रुपये तथा सोनू धनगोडे एवं श्रीमती सबा बानो को 4-4 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश प्रदान किये गये। इसी कड़ी में अन्य योजनाओं के हितग्रहियों को भी लाभान्वित किया गया।
हितग्राहियों एवं छात्राओं ने साझा किए अपने अनुभव
शिविर में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों तथा स्कूली बालिकाओं ने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने योजनाओं से प्राप्त लाभ एवं अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के संबंध में जानकारी दी। स्कूली बालिकाओं ने शिक्षा के क्षेत्र के हुए विस्तार से अवगत कराया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर में आये नागरिकों की समस्याओं को सुना एवं उचित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर एवं एसपी ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
शिविर में कलेक्टर विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर में आधार, ऊर्जा, उद्योग, वित्त, कृषि एवं उद्यानिकी, आयुष, स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, खाद्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, वन सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0

