नीमच में जमीन विवाद को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे लोग:कहा- दबंग ने खेत में खड़ी फसल उजाड़ी, धमकी दी; पीड़ितों ने कार्रवाई की मांग की
कृषि भूमि से जुड़े विवाद में झांझरवाड़ा-हरिपुरा के ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। गिरधारीलाल माली, बगदीराम माली और गोपाल माली ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ितों ने खेत में खड़ी फसल और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के साथ धमकी देने का आरोप लगाया है। ट्रैक्टर और जेसीबी से फसल उजाड़ने का आरोप पीड़ितों के मुताबिक, उन्होंने अलग-अलग वर्षों में रजिस्टर्ड विक्रय पत्रों के जरिए कृषि भूमि खरीदी थी। इसके बाद से वे लगातार जमीन पर खेती कर रहे हैं। उनका आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड और पुराने-नए सर्वे नंबरों में कथित त्रुटियों का फायदा उठाकर मुकेश नागदा दस्तावेजों के आधार पर नामांतरण कराने और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि 22 मई 2026 को ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से खेत में खड़ी तिल और बाजरे की फसल, पेड़ों और खेत की बाड़ को नुकसान पहुंचाया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल तोड़ने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। न्यायालय के आदेश के बावजूद धमकी देने का आरोप पीड़ितों के अनुसार, सिविल न्यायालय ने 18 जून 2026 को एकपक्षीय अस्थायी निषेधाज्ञा जारी की थी। इसके तहत विवादित संपत्ति में हस्तक्षेप और हस्तांतरण पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद शनिवार को दोबारा धमकियां देने का आरोप लगाया गया है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग एसपी कार्यालय पहुंचे सर्व समाज के प्रतिनिधियों और पीड़ित पक्षों ने दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। झांझरवाड़ा के पीड़ितों ने न्यायालय के आदेश का सख्ती से पालन कराने और कथित रूप से प्रताड़ित करने वाले मुख्य व्यक्ति के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करने की भी मांग की है।
Comments (0)