व्यापारी, राशन दुकान प्रबंधक और तौलक पर FIR:बालाघाट में दुकानदार के यहां 14 बोरी राशन का चावल मिला था
बालाघाट जिले में सरकारी राशन के चावल की हेराफेरी के मामले में भरवेली पुलिस ने कार्रवाई की है। रविवार को गरीबों के राशन की कालाबाजारी में शामिल सोसाइटी प्रबंधक, ट्रेडर्स संचालक और तौलक के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला 13 अक्टूबर की रात का है, जब नायब तहसीलदार मंजुला महोबिया, सहायक आपूर्ति अधिकारी पहलसिंह वलाडी और भरवेली थाना प्रभारी भूपेंद्र पंद्रो की टीम ने मानेगांव स्थित सत्यनाम ट्रेडर्स पर छापा मारा था। वहां से पुलिस ने 44 बोरी सरकारी फोर्टिफाइड चावल जब्त किया। जांच में पता चला कि इसमें से 14 बोरी चावल शक्तिपुंज उचित मूल्य की दुकान से भेजा गया था, जबकि 30 बोरी चावल ट्रेडर्स संचालक ने राशन कार्डधारियों से खरीदा था। जांच टीम ने सत्यनाम ट्रेडर्स के संचालक रविंद्र लिल्हारे, राशन दुकान के प्रबंधक नोकचंद गौतम और तौलक योगेश जैतवार को सरकारी राशन की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल पाया। इसके बाद रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को भेजी गई थी। कलेक्टर के निर्देश मिलने के बाद रविवार को खाद्य निरीक्षक की शिकायत पर भरवेली थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी भरवेली थाना प्रभारी भूपेंद्र पंद्रो ने बताया कि नोकचंद गौतम, रविंद्र लिल्हारे और योगेश जैतवार के खिलाफ नए कानून बीएनएस की धारा 316(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सोसाइटी के विक्रेता और सहविक्रेता मिलकर सरकारी राशन का घपला करते थे। विभागीय जांच के दौरान सोसाइटी के स्टॉक में चावल और गेहूं की भारी कमी भी पाई गई है।
Comments (0)